एनएच-109 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर, हालत नाजुक
सिर में आई गंभीर चोटें, एसटीएच में भर्ती दोनों युवकों को सांसद अजय भट्ट ने बेहतर उपचार के दिए निर्देश
लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण आए दिन हो रहे हादसों से लोगों में दहशत का माहौल है। शनिवार दोपहर सुभाष नगर स्थित पुराने पुलिस चेकपोस्ट के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे 25 एकड़ कॉलोनी निवासी अंकित कुमार और रोहित कुमार मोटरसाइकिल से सुभाष नगर की ओर से लालकुआं आ रहे थे।
इसी दौरान पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास लालकुआं की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी प्रयासों से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों युवकों का उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोटें और उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर करने की सलाह दी है।
हालांकि दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने का जोखिम उठाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। घायल रोहित के पिता लल्लन ने बताया कि चिकित्सकों ने दोनों युवकों को अन्यत्र ले जाने की सलाह दी है, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे 25 एकड़ कॉलोनी निवासी अंकित कुमार और रोहित कुमार मोटरसाइकिल से सुभाष नगर की ओर से लालकुआं आ रहे थे। इसी दौरान पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास लालकुआं की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी प्रयासों से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों युवकों का उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोटें और उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर करने की सलाह दी है। हालांकि दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने का जोखिम उठाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। घायल रोहित के पिता लल्लन ने बताया कि चिकित्सकों ने दोनों युवकों को अन्यत्र ले जाने की सलाह दी है, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
सांसद अजय भट्ट ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश
हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के प्राचार्य से दूरभाष पर वार्ता कर दोनों घायल युवकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा गहन चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए, ताकि उनकी जान बचाई जा सके।
इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के किनारे पड़ी दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।
लगातार हादसों से उठ रहे यातायात सुरक्षा पर सवाल
राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का संचालन आम बात हो गया है। दुर्घटना संभावित स्थानों पर गति नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण वाहन चालक बेखौफ होकर तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस से राजमार्ग पर नियमित यातायात निगरानी बढ़ाने, तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर गति नियंत्रण के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इस मार्ग पर हादसों का सिलसिला थामना मुश्किल होगा।














