राज्य आंदोलन के शहीदों को किया नमन, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल और आंदोलनकारी लच्छू लोहनी के निधन पर जताया शोक

नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर डीएसबी परिसर, नैनीताल में राज्य गठन के 26 वर्ष पूर्ण होने पर उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर केक काटकर राज्य स्थापना दिवस की खुशियां मनाई गईं और उपस्थित लोगों को चॉकलेट वितरित कर एक-दूसरे को बधाई दी गई।

कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय के कार्यवाहक निदेशक एवं डीन एजुकेशन प्रो. ललित तिवारी ने सभी को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण यहां के लोगों की मूल भावना और लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य आंदोलन की शुरुआत स्वर्गीय डी.डी. पंत ने की थी, जबकि पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी डॉ. नारायण सिंह जंतवाल इस आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल रहे।

प्रो. तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्ष में अनेक लोगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया और कई आंदोलनकारियों ने इसके लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि नैनीताल ने भी इस आंदोलन के दौरान स्वर्गीय प्रताप सिंह जैसे आंदोलनकारी को खोया। उन्होंने मुजफ्फरनगर, खटीमा, मसूरी और नैनीताल सहित विभिन्न स्थानों पर राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम के अंत में शोक सभा आयोजित की गई। इसमें डॉ. सावित्री कैरा के पति, पूर्व विधायक एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता डॉ. नारायण सिंह जंतवाल और पूर्व छात्र आंदोलनकारी लच्छू लोहनी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने दोनों दिवंगत व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर प्रॉक्टर डॉ. हरीश बिष्ट, डीन लॉ डॉ. एस.एस. बरगली, डीन एग्रीकल्चर डॉ. एल.एस. लोधियाल, कार्यवाहक डीन कला प्रो. ए.एस. अधिकारी, वनिकी विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. आशीष मेहता, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. नीलू लोधियाल, डॉ. हृदेश शर्मा, डॉ. अमित मेलकानी, डॉ. नेत्रपाल शर्मा, डॉ. रवि जोशी सहित विपिन, राजेंद्र ढेला, नासिर, वाहिद, हेमंत कुमार, लाल सिंह, गणेश आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राज्य निर्माण के संघर्ष को याद करते हुए आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  IDBI बैंक के निजीकरण के विरोध में हल्द्वानी में 36 घंटे की भूख हड़ताल जारी, कर्मचारियों ने रातभर धरना स्थल पर डाला डेरा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.