नैनीताल के भीमताल में तीन बकरियां और गाय को मारने वाली मादा गुलदार पिंजरे में हुई कैद 

 रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला 

भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में लंबे समय से दहशत का कारण बनी मादा गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई। पांडेय गांव से लगे जिप्टी करकोटक क्षेत्र में गाय के गोठ में घुसकर उसे मौत के घाट उतारने वाली मादा गुलदार रविवार रात पिंजरे में फंस गई। वन विभाग की टीम ने तत्काल गुलदार को कब्जे में लेकर रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट कर दिया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, भीमताल के पांडेय गांव से लगे जिप्टी करकोटक क्षेत्र में पिछले दिनों एक गुलदार आबादी के नजदीक स्थित गौशाला में घुस गया था। इस दौरान गुलदार ने गोठ में बंधी गाय पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आबादी के बीच हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। लोगों को आशंका थी कि गुलदार दोबारा आबादी की ओर रुख कर सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की थी।

ग्रामीणों की सुरक्षा और क्षेत्र में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए वन विभाग ने उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद संबंधित स्थान पर पिंजरा लगाया। विभाग की यह कार्रवाई रंग लाई और रविवार रात मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो गई। गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रात में ही रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।

क्षेत्रीय रेंज अधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि पिंजरे में कैद हुई मादा गुलदार की उम्र लगभग 8 से 9 वर्ष है। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व इस गुलदार ने एक गौशाला में घुसकर गाय को मार दिया था। घटना के बाद उच्च स्तर से अनुमति प्राप्त कर क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया था, जिसमें रविवार रात गुलदार कैद हो गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से रानीबाग रेस्क्यू सेंटर शिफ्ट कर दिया गया।

गुलदार के पकड़े जाने से जिप्टी करकोटक और आसपास के गांवों के लोगों ने राहत महसूस की है। हालांकि, ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और ग्रामीणों के साथ उनके मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल की बेटी रूची भट्ट बनीं न्यायाधीश, न्यायपालिका में हासिल किया मुकाम, पैतृक गांव में खुशी की लहर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.