मेहनत और दृढ़ संकल्प से हासिल की सफलता, रूची की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ भवाली और अल्मोड़ा का ग्राम सभा भाबू
भवाली। नगर के गांधी कॉलोनी निवासी रूची भट्ट ने न्यायाधीश बनकर अपने परिवार, भवाली नगर और पैतृक गांव भाबू का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से भवाली सहित अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक स्थित ग्राम सभा भाबू में खुशी और उत्साह का माहौल है।
अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर न्यायपालिका में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल करने वाली रूची की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के विकासखंड लमगड़ा की ग्राम सभा भाबू निवासी रूची भट्ट, खजान भट्ट एवं स्वर्गीय रमा भट्ट की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत भवाली स्थित एंड्रयूज से की। इसके बाद हल्द्वानी के एशियन महल स्थित इंस्पिरेशन से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय से बीकॉम की डिग्री हासिल की और इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि (लॉ) की पढ़ाई पूरी की।
रूची की सफलता की खबर मिलते ही ग्राम सभा भाबू के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्राम सभा की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बेटी को न्यायपालिका में इस प्रतिष्ठित पद पर पहुंचते देखना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी यह उपलब्धि गांव की अन्य बेटियों और युवाओं को भी शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रूची भट्ट ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। भवाली और ग्राम सभा भाबू के लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करेंगी।
रूची भट्ट की यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी और समाज में शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश देगी।

