उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने खोला नौकरियों का पिटारा, नायब तहसीलदार से आबकारी निरीक्षक तक भर्ती, उत्तराखंड में युवाओं को सरकारी नौकरी का मौका

हरिद्वार। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य (सिविल) अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के तहत विभिन्न विभागों में कुल 54 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की है। भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन छह नवंबर से शुरू हो गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 26 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि तक ही निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा।

इस भर्ती के माध्यम से राजस्व, आबकारी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, पंचायती राज तथा गन्ना एवं चीनी उद्योग सहित विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। अलग-अलग विभागों में पदों का निर्धारण किया गया है, जिसमें नायब तहसीलदार से लेकर आबकारी निरीक्षक और पूर्ति निरीक्षक जैसे पद शामिल हैं।

किस विभाग में कितने पदों पर होगी भर्ती?

आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के 13 पदों पर भर्ती की जाएगी। आबकारी विभाग में आबकारी निरीक्षक के चार पद निर्धारित किए गए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में पूर्ति निरीक्षक के दो और विपणन निरीक्षक के 20 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

इसके अलावा श्रम विभाग में श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पांच पद, पंचायती राज विभाग में कर अधिकारी (जिला पंचायत) के पांच पद शामिल हैं। वहीं गन्ना एवं चीनी उद्योग विभाग में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का एक और गन्ना विकास निरीक्षक के चार पदों पर भर्ती की जाएगी।

तीन दिसंबर से आवेदन में कर सकेंगे संशोधन

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में त्रुटियों को सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए तीन दिसंबर से 12 दिसंबर 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

आयोग की वेबसाइट पर करें आवेदन

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और पदों से संबंधित पात्रता, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा तथा अन्य शर्तों की जानकारी प्राप्त कर लें।

इच्छुक अभ्यर्थी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  IDBI बैंक के निजीकरण के विरोध में हल्द्वानी में 36 घंटे की भूख हड़ताल जारी, कर्मचारियों ने रातभर धरना स्थल पर डाला डेरा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.