सूचना के अभाव में कई आंदोलनकारियों ने जताई नाराजगी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए याद किया गया उत्तराखंड राज्य आंदोलन

हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी डिग्री कॉलेज के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और राज्य निर्माण के संघर्ष को याद किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुछ राज्य आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर नाराजगी भी जताई। उनका कहना था कि उन्हें कार्यक्रम की पूर्व सूचना नहीं दी गई, जिसके चलते कई आंदोलनकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

आंदोलनकारियों ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन उन लोगों के सम्मान और स्मरण का अवसर है, जिन्होंने अलग राज्य की मांग को लेकर लंबा संघर्ष किया। ऐसे में सभी आंदोलनकारियों को समय पर सूचना देकर कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए था।

इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों ने खटीमा, मसूरी और मुजफ्फरनगर कांड सहित उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्षपूर्ण इतिहास को याद किया। उन्होंने कहा कि पृथक उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष, आंदोलनकारियों के त्याग और शहादत का परिणाम है। राज्य निर्माण के पीछे पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर प्रशासन की जो मूल भावनाएं थीं, उन्हें प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

आंदोलनकारियों ने संकल्प लिया कि उत्तराखंड को आंदोलनकारियों की भावनाओं और शहीदों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की पहचान, संस्कृति, परंपराओं और मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

पूरे आयोजन के दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्ष, आंदोलनकारियों के योगदान और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को लेकर भावनाएं देखने को मिलीं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  छोटी दीपावली पर नैनीताल आँचल दुग्ध संघ ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.