सांसद अजय भट्ट बोले– राज्य आंदोलनकारी उत्तराखंड के आदर्श, उनके त्याग और बलिदान को हमेशा रखा जाएगा यादको दी श्रद्धांजलि

जंतवाल और ‘लच्छू दा’ के सम्मान में रद्द हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, दो मिनट का मौन रखकर किया नमन

सांसद अजय भट्ट ने राज्य आंदोलनकारियों को बताया उत्तराखंड का आदर्श, शहीद स्मारक पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल के डीएसए मैदान में आयोजित कार्यक्रम इस बार दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सादगी के साथ मनाया गया। विगत दिनों दिवंगत हुए पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल तथा राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ के सम्मान में प्रशासन और आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखने का निर्णय लिया। दोनों दिवंगत आंदोलनकारियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नौकायन प्रतियोगिता को निरस्त कर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और राज्य आंदोलनकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग और ऐतिहासिक योगदान को भी याद किया गया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का उत्तराखंड राज्य के निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सका है। उन्होंने कहा कि दोनों दिवंगत आंदोलनकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से इस बार स्थापना दिवस समारोह को सादगी से आयोजित किया गया है।

सांसद ने कहा कि राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में राज्य के विकास में योगदान दिया है। वर्तमान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि वे प्रदेश के आदर्श हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। सांसद अजय भट्ट और दिनेश आर्य ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता में शामिल है।

स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का किया निरीक्षण

राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान सांसद अजय भट्ट और दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की जानकारी लेते हुए उनकी गुणवत्ता और विविधता की सराहना की। ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्होंने स्टॉलों पर पर्याप्त समय बिताया और स्वयं भी स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की।

इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।

शहीद स्मारक पर पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन

मुख्य कार्यक्रम से पूर्व सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और राज्य आंदोलनकारियों ने जू रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सभी ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके संघर्ष को याद किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य, नितिन कार्की सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में रिश्तों का कत्ल: भतीजे ने लोहे की रॉड से चाचा-चाची की हत्या, बहू को भी किया लहूलुहान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.