नैनीताल में गौमाता को तिलक लगाकर पहनाई माला, गुड़ और पकवान खिलाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की

रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। दीपावली पर्व के तीसरे दिन मंगलवार को सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और धार्मिक श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मल्लीताल क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं गौशाला में एकत्र हुईं और वहां मौजूद गौमाताओं की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

वहीं, नैनीताल के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गोवर्धन पूजा को लेकर विशेष उत्साह रहा। ग्रामीणों ने अपने घरों में बंधी गायों की पूजा-अर्चना की और पारंपरिक तरीके से उन्हें माड़े लगाकर गुड़, हरा चारा एवं पकवान खिलाए। लोगों ने गौमाता से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

गौमाता की पूजा से घर में आती है सुख-समृद्धि: बसंती मेहरा

पूजा में शामिल बसंती मेहरा ने बताया कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौमाता की पूजा करने की प्राचीन परंपरा रही है। हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। मान्यता है कि गौमाता की पूजा-अर्चना करने से घर में सुख-शांति और धन-धान्य की वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि गौमाता का आशीर्वाद परिवार के बच्चों की खुशहाली, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रत्येक परिवार की कामना होती है कि घर में लक्ष्मी का वास हो और सभी सदस्यों का जीवन सुखमय बना रहे।

उन्होंने कहा कि गौमाता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारतीय कृषि, संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली का भी अभिन्न हिस्सा हैं। यही वजह है कि आज भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर लोग पूरे विधि-विधान से गौमाता का पूजन करते हैं और उनकी सेवा का संकल्प लेते हैं।

इस अवसर पर पुजारी बची राम पंत ने भी पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कार्यक्रम में सुमन शाह, तारा जोशी, मुन्नी भट्ट, हेमा बवाड़ी, पुष्पा बवाड़ी, नीमा जोशी, हेमा जोशी, गंगा बवाड़ी, भगवती नौटियाल, चंपा वर्मा, रेखा शाह, दीपा चौधरी, सुधा तिवारी, तनुजा तिवारी, श्वेता तिवारी सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।

पूरे आयोजन के दौरान मल्लीताल क्षेत्र में धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और गौसेवा का सुंदर संगम देखने को मिला। गोवर्धन पूजा के इस आयोजन ने लोगों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और गौमाता के प्रति सम्मान एवं सेवा भाव से जुड़ने का संदेश दिया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  दीपावली की छुट्टी पर घर जा रहे युवक को टैक्सी में बैठाने के बहाने बनाया शिकार, सुनसान जगह ले जाकर लूटे आईफोन और सोने की बाली; दो आरोपी गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.