नैनीताल सी आर एस टी इंटर कॉलेज के पीछे  घर के आंगन में चहल कदमी करता हुआ गुलदार सीसीटीवी फुटेज में कैद 

सीआरएसटी इंटर कॉलेज के पीछे रिहायशी इलाके में रात के अंधेरे में घूम रहा गुलदार, नगर पालिका के ईओ के घर के सामने भी दिखी मौजूदगी; लोगों में दहशत

 रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में इन दिनों गुलदार की सक्रियता ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब गुलदार जंगलों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि रिहायशी इलाकों में लोगों के घरों के आंगन और दरवाजों के आसपास बेखौफ घूमता नजर आ रहा है। सीआरएसटी इंटर कॉलेज के पीछे स्थित घनी आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि यह इलाका मॉलरोड स्थित ग्रैंड होटल और नानक होटल से महज 50 मीटर पीछे है। ऐसे में पर्यटन नगरी के व्यस्त क्षेत्र के इतने करीब गुलदार की मौजूदगी ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हैरानी की बात यह है कि जिस क्षेत्र में गुलदार रात के अंधेरे में चहलकदमी कर रहा है, उसके ठीक सामने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा का आवास भी स्थित है। स्थानीय लोगों के अनुसार गुलदार की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं और रात के समय घरों के आसपास उसकी मौजूदगी से लोग सहमे हुए हैं।

दिलावर खान के मुताबिक, पहली बार 27 तारीख को गुलदार उनके घर के आंगन में घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। फुटेज में दिखाई दिया कि गुलदार एक ओर से आता है और फिर मुड़कर आगे बढ़ जाता है। इसके बाद बीती रात भी गुलदार दोबारा उनके घर के आसपास चहलकदमी करता हुआ कैमरे में कैद हुआ। इस बार दिखाई देने वाला गुलदार पहले की तुलना में काफी बड़ा नजर आ रहा था। वह घर के आसपास इधर-उधर घूमता हुआ दिखाई दिया।

दिलावर खान ने बताया कि गुलदार की लगातार आवाजाही को देखते हुए वह अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहते हैं और अंधेरा होने से पहले ही घर के अंदर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि इंसानों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी जरूरी है। गुलदार जंगल में रहने वाला वन्यजीव है और उसे भी अपने प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रहने का अधिकार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारी समय रहते अपने घर लौट आएं, ताकि देर रात अनावश्यक रूप से बाहर निकलने की नौबत न आए।

रिहायशी क्षेत्र में गुलदार की बार-बार मौजूदगी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों को वन विभाग से ठोस कार्रवाई की उम्मीद है। लोगों की मांग है कि क्षेत्र में वन विभाग की टीम गश्त बढ़ाए, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखे और जरूरत के अनुसार कैमरा ट्रैप या अन्य सुरक्षा उपाय लगाए जाएं। साथ ही लोगों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि इंसानों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मल्लीताल जैसे घनी आबादी और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में गुलदार की यह सक्रियता अब स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

सवाल यही है कि क्या वन विभाग समय रहते प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले लोगों को राहत मिल सके?

Advertisement
यह भी पढ़ें :  दीपावली की छुट्टी पर घर जा रहे युवक को टैक्सी में बैठाने के बहाने बनाया शिकार, सुनसान जगह ले जाकर लूटे आईफोन और सोने की बाली; दो आरोपी गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.