सचिव स्तर से लेकर जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों तक हो सकते हैं बदलाव, चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद शासन ने तैयार की तबादला सूची

देहरादून। उत्तराखंड में आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए शासन स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस फेरबदल में शासन में तैनात सचिव स्तर के अधिकारियों से लेकर जिलों में तैनात जिलाधिकारियों (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों (SSP/SP) तक के तबादले हो सकते हैं।

दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि एक ही स्थान पर निर्धारित अवधि से अधिक समय से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए। आयोग के निर्देशों के अनुसार, एक ही स्थान पर पांच वर्ष से अधिक समय से जमे कर्मचारियों और अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके लिए सरकार को गुरुवार से पहले स्थानांतरण आदेश जारी करने हैं।

बताया जा रहा है कि प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस समारोह और इसके बाद दीपावली के अवकाश के चलते तबादलों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी। हालांकि, अब शासन ने इस दिशा में तेजी दिखानी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, कार्मिक विभाग और गृह विभाग ने संभावित स्थानांतरणों की सूचियां तैयार कर ली हैं। अब इन सूचियों को अंतिम रूप देकर आदेश जारी करना शेष है।

इस बीच 15 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग की टीम भी उत्तराखंड के दौरे पर आ रही है। आयोग की टीम के प्रस्तावित दौरे और चुनावी तैयारियों को देखते हुए शासन पर समय से स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने का दबाव है। ऐसे में बुधवार को बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

यदि यह प्रशासनिक फेरबदल होता है तो प्रदेश के कई जिलों में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में नए अधिकारियों की तैनाती देखने को मिल सकती है। खासतौर पर लंबे समय से एक ही जिले या पद पर तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव संभव है।

फिलहाल सभी की निगाहें शासन की ओर से जारी होने वाली तबादला सूची पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि इस फेरबदल में किन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलती है और किन जिलों के जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान बदले जाते हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने स्थापना दिवस पर सेवानिवृत्त कर्मयोगियों को किया सम्मानित, योगदान को किया याद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.