उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए गए रमेश चंद्र तिरुवा को एंबुलेंस के लिए करना पड़ा लंबा इंतजार, रास्ते में तोड़ा दम; घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बंद रखा कपकोट बाजार

बागेश्वर। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की लापरवाही का एक दर्दनाक मामला कपकोट से सामने आया है। यहां समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण एक व्यापारी की जान चली गई।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे 50 वर्षीय व्यापारी को चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था, लेकिन उन्हें अस्पताल से आगे ले जाने के लिए करीब तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा।

आखिरकार उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील रोड पर तिरुवा जनरल स्टोर के नाम से दुकान संचालित करने वाले रमेश चंद्र तिरुवा बुधवार को रोजाना की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत को देखते हुए परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इसके बाद रमेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें आगे रेफर कर दिया। अब उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की जरूरत थी, लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति ऐसी रही कि मरीज को समय पर एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं हो सकी।

तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार, रास्ते में थमी सांसें

पूर्व सभासद तनुज तिरुवा के अनुसार, रमेश चंद्र तिरुवा के लिए एंबुलेंस पहुंचने में करीब तीन घंटे का समय लग गया। इस दौरान परिजन उनकी जिंदगी बचाने की उम्मीद लगाए बैठे रहे। काफी इंतजार के बाद जब एंबुलेंस उपलब्ध हुई और उन्हें उपचार के लिए आगे ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में कोसी के पास शाम करीब साढ़े छह बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने और उपचार के लिए ले जाते समय हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। परिजनों का दुख और स्थानीय लोगों का आक्रोश साफ नजर आया। लोगों का कहना है कि पहाड़ों में पहले ही अस्पतालों की दूरी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी मरीजों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस के लिए घंटों इंतजार करना मरीजों की जान पर भारी पड़ सकता है।

उनके अनुसार, घटना वाले दिन जिला मुख्यालय में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। इस कारण बनलेख से एंबुलेंस मंगाई गई, जिसके चलते वाहन को पहुंचने में देरी हुई। हालांकि, इस देरी का खामियाजा मरीज को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा।

व्यापारियों ने बंद रखा बाजार, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

रमेश चंद्र तिरुवा के निधन की खबर से कपकोट बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शोक जताया। गुरुवार को सरयू और खीरगंगा के संगम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।

स्थानीय लोगों ने उठाई स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की मांग

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कपकोट सहित पूरे जिले की स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि जिले में एंबुलेंस की संख्या पर्याप्त है या नहीं, खराब वाहनों को समय पर दुरुस्त क्यों नहीं किया जा रहा और आपातकालीन परिस्थितियों में वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं है, इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सभी खराब एंबुलेंस की तत्काल मरम्मत कर उन्हें सेवा में लगाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी मरीज को हायर सेंटर रेफर किए जाने की स्थिति में एंबुलेंस के अभाव में घंटों इंतजार न करना पड़े।

कपकोट की इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ों की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाते हैं।

यह भी पढ़ें :  भीमताल की बेटी रूची भट्ट बनीं न्यायाधीश, न्यायपालिका में हासिल किया मुकाम, पैतृक गांव में खुशी की लहर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.