कैंची धाम के नाम पर केमू बसों की मनमानी! भवाली के यात्रियों को किया जा रहा परेशान, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

तल्लीताल बस अड्डे पर केमू कंडक्टर की मनमानी, चिल्ला रहे ‘कैंची धाम-कैंची धाम’, भवाली के यात्रियों को नहीं मिल रही बस

रिपोर्टर – गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के तल्लीताल बस अड्डे पर इन दिनों यात्रियों को बसों के इंतजार में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि केमू की कुछ बसों के कंडक्टर कैंची धाम जाने वाले यात्रियों को आवाज लगाकर बस में बैठा रहे हैं, लेकिन भवाली जाने वाले यात्रियों को यह कहकर मना कर दिया जा रहा है कि बस भवाली नहीं जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बस का कंडक्टर लगातार ‘कैंची धाम-कैंची धाम’ की आवाज लगाता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान जब एक यात्री भवाली जाने के लिए बस में बैठने की बात करता है तो कंडक्टर उसे स्पष्ट रूप से कहता है कि यह बस भवाली नहीं जाएगी। जबकि यात्रियों का कहना है कि कैंची धाम जाने वाली बसें भवाली होकर ही गुजरती हैं। ऐसे में भवाली जाने वाले यात्रियों को बस में जगह नहीं देना कई सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय यात्रियों का आरोप है कि कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अधिक किराया मिलने की संभावना के चलते बस संचालक स्थानीय यात्रियों को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं। आरोप यह भी है कि कैंची धाम जाने के नाम पर यात्रियों से सामान्य किराए से दोगुना तक पैसा वसूला जा रहा है। यदि ये आरोप सही हैं तो यह परिवहन नियमों और यात्रियों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है।

स्थानीय यात्रियों की बढ़ी परेशानी

इस मनमानी का सबसे अधिक असर रोजाना नैनीताल से भवाली आने-जाने वाले स्थानीय लोगों पर पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, बुजुर्गों और उपचार के लिए जाने वाले मरीजों को समय पर बस नहीं मिल पा रही है। यात्रियों का कहना है कि तल्लीताल बस अड्डे पर भवाली जाने के लिए बस मांगने पर कंडक्टर सीधे मना कर देते हैं और कैंची धाम जाने वाले यात्रियों को ही बैठाने पर जोर देते हैं।

मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और केमू प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि तल्लीताल बस अड्डे पर नियमित निगरानी की जाए, बसों के निर्धारित रूट और किराया सूची सार्वजनिक की जाए तथा यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली और दुर्व्यवहार की शिकायतों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

अब देखने वाली बात यह होगी कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और यात्रियों की शिकायतों के बाद परिवहन विभाग तथा केमू प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ भवाली और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय यात्रियों को उनकी नियमित परिवहन सुविधा कब मिलेगी?

यह भी पढ़ें :  भीमताल की बेटी रूची भट्ट बनीं न्यायाधीश, न्यायपालिका में हासिल किया मुकाम, पैतृक गांव में खुशी की लहर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.