कुमाऊं की चार प्रमुख नदियों में जल्द शुरू होगा खनन! गौला, नंधौर, कोसी और दाबका में चुगान की तैयारी तेज, डीएम ने दिए अधिकारियों को निर्देश
हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल की प्रमुख नदियों में खनन चुगान शुरू होने का इंतजार कर रहे कारोबारियों, वाहन स्वामियों और खनन से जुड़े हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गौला, नंधौर, कोसी और दाबका नदियों में जल्द ही खनन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वन विकास निगम और वन विभाग के अधिकारियों को खनन चुगान से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खनन कार्य शुरू होने से पहले नदी क्षेत्रों तक पहुंचने वाले सभी संपर्क मार्गों को दुरुस्त किया जाए, ताकि खनन वाहनों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही खनन गेटों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और धर्मकांटों को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि खनन शुरू होने के बाद कारोबारियों और वाहन स्वामियों को किसी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, खनन कार्य शुरू होने से राज्य सरकार को भी राजस्व प्राप्त होगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। ट्रांसपोर्ट, निर्माण सामग्री और इससे जुड़े अन्य व्यवसायों में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि वन विकास निगम और वन विभाग के स्तर पर लंबित औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे चारों प्रमुख नदियों में खनन चुगान का कार्य सुचारू रूप से शुरू कराया जा सके।
अब कारोबारियों और वाहन स्वामियों की निगाहें प्रशासन की तैयारियों पर टिकी हैं। खनन कार्य शुरू होने से न केवल हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, बल्कि कुमाऊं के खनन कारोबार को भी नई गति मिल सकती है।
























