छात्रा की शिकायत के बाद कॉलेज परिसर में मचा हड़कंप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति; प्राध्यापक ने लिखित में मांगी माफी, पॉश कमेटी कर रही जांच
हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े डिग्री कॉलेज एमबीपीजी में सोमवार को एक छात्रा की ओर से लगाए गए अनुचित व्यवहार के आरोप के बाद जमकर हंगामा हुआ। छात्रा की शिकायत की जानकारी सामने आते ही कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने एक प्राध्यापक को घेर लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ छात्रों ने प्राध्यापक के साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्रों द्वारा प्राध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटे जाने से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की एक छात्रा ने बीते 14 नवंबर को कॉलेज की पॉश (आंतरिक शिकायत समिति) कमेटी को लिखित शिकायत दी थी।
छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि 3 नवंबर को विभाग में उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया। छात्रा की शिकायत कॉलेज की आंतरिक समिति के पास पहुंचने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच सोमवार को जब यह जानकारी उसके सहपाठियों और अन्य छात्रों तक पहुंची तो उनमें आक्रोश फैल गया।
दोपहर के समय बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और छात्र नेता कॉलेज परिसर में एकत्र हो गए। उन्होंने संबंधित प्राध्यापक को घेरकर मामले में जवाब मांगना शुरू कर दिया। शुरुआत में बातचीत के रूप में शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ छात्रों ने प्राध्यापक के साथ मारपीट की और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना से कॉलेज में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
कॉलेज परिसर में हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ के बीच फंसे प्राध्यापक को छात्रों से अलग किया और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ और बातचीत के लिए कोतवाली ले गई। हालांकि, कोतवाली पहुंचने के बाद भी छात्रों का आक्रोश कम नहीं हुआ। वहां भी छात्रों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
छात्रा ने एफआईआर दर्ज कराने से किया इनकार
कोतवाली में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत चली। इस दौरान छात्रा ने फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि छात्रा को आशंका थी कि यदि मामले में मुकदमा दर्ज होता है तो इसका असर उसकी आगामी प्रायोगिक परीक्षा पर पड़ सकता है। काफी देर तक चली बातचीत के बाद संबंधित प्राध्यापक ने लिखित रूप में माफी मांगी। प्राध्यापक का कहना था कि उनका इरादा गलत नहीं था और यह पूरा मामला गलतफहमी के कारण हुआ है।
मौखिक शिकायत पर महिला दरोगा कर रहीं जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, छात्रा की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा की काउंसलिंग कराई गई है। छात्रा की ओर से मौखिक रूप से दी गई शिकायत के आधार पर एक महिला दरोगा को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पॉश कमेटी कर रही मामले की जांच
उधर, कॉलेज प्रशासन ने भी पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। प्रभारी प्राचार्य ने पॉश कमेटी के सदस्यों और अन्य शिक्षकों के साथ बैठक कर मामले की जानकारी ली। प्रभारी प्राचार्य के अनुसार, छात्रा की ओर से दी गई लिखित शिकायत पॉश कमेटी को प्राप्त हो चुकी है और समिति अपने स्तर से जांच कर रही है। कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
प्रभारी प्राचार्य ने कॉलेज परिसर में प्राध्यापक के साथ हुई मारपीट पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्वों ने शिक्षक के साथ मारपीट की है। यह पता लगाया जा रहा है कि मारपीट करने वाले लोग कॉलेज के विद्यार्थी हैं या बाहरी तत्व। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने एमबीपीजी कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और परिसर की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर छात्रा की शिकायत पर पॉश कमेटी की जांच जारी है, वहीं दूसरी ओर शिक्षक के साथ हुई मारपीट का मामला भी गंभीर बना हुआ है। अब सभी की निगाहें कॉलेज की जांच रिपोर्ट और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
























