नैनीताल में दोस्तों के साथ नैना पीक घूमने आया युवक पहाड़ी से लापता, 4 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं
कई दिन से जंगलों में चल रहा सर्च ऑपरेशन
नैनीताल की नैना पीक बनी रहस्य! ट्रैकिंग के दौरान लापता युवक का नहीं मिला सुराग
रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल घूमने आए बिहार के एक युवक के नैना पीक की पहाड़ी से लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। शुक्रवार को दोस्तों के साथ ट्रैकिंग पर निकला युवक अचानक रास्ते से लापता हो गया था। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल विभाग और वन विभाग की टीमें लगातार जंगलों के दुर्गम इलाकों में सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सोमवार को भी ड्रोन और डॉग स्क्वाड की मदद से जंगल के संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन टीमों को सफलता हाथ नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी अर्नव सिंह भीमताल स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में रहकर पढ़ाई करता है। शुक्रवार को उसके गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम और ऐश्वर्य राज उससे मिलने पहुंचे थे। इसके बाद चारों दोस्तों ने घूमने का कार्यक्रम बनाया। सभी पहले हल्द्वानी में ठहरे और फिर नैनीताल घूमने पहुंचे।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चारों दोस्त नैना पीक की पहाड़ी पर ट्रैकिंग के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि पहाड़ी से वापस लौटते समय शाम करीब चार बजे अर्नव अपने दोस्तों से कुछ दूरी पर पीछे रह गया। कुछ समय बाद जब दोस्तों ने उसकी तलाश की तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। आसपास के क्षेत्र में खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो दोस्तों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हो गईं। शुक्रवार रात से ही युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। शनिवार और रविवार को भी जंगल के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की गई। सोमवार को भी पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, घने जंगलों और संभावित रास्तों को खंगाला। तलाशी अभियान में ड्रोन और डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई, लेकिन अब तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
वहीं, कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस की ओर से युवक की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सर्च ऑपरेशन के साथ ही मामले के अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। युवक के परिजनों और उसके साथ नैनीताल घूमने आए दोस्तों से भी पूछताछ कर आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
फिलहाल कई दिनों से जारी सर्च अभियान के बावजूद युवक का पता नहीं चलने से उसके परिजनों और दोस्तों की चिंता बढ़ती जा रही है।
पुलिस और अन्य विभागों की टीमें नैना पीक के आसपास के जंगलों में लगातार खोजबीन कर रही हैं। अब सभी की निगाहें सर्च अभियान पर टिकी हैं।
























