हल्द्वानी में 10 साल से चल रहे हनीट्रैप और सेक्सटॉर्शन के खेल का खुलासा, स्टोन क्रशर स्वामी से करोड़ों की वसूली का आरोप
वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल, प्लॉट से लेकर कार और स्कूटी तक हड़पने का आरोप; SSP के निर्देश पर मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग से जुड़े एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। यहां पिछले करीब 10 वर्षों से एक स्टोन क्रशर स्वामी को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये की वसूली करने और उसकी संपत्ति हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला समेत कुछ लोग पीड़ित को वीडियो वायरल करने, दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और बच्चे के नाम पर डराकर लगातार मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
मामले में मानसिक रूप से परेशान पीड़ित आत्महत्या करने तक की स्थिति में पहुंच गया। इसके बाद उसने SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के समक्ष अपनी पूरी शिकायत रखकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, पिछले करीब 10 वर्षों से मो. मुश्ताक, महिला ज्योति सिंह समेत अन्य लोगों पर पीड़ित को अलग-अलग तरीकों से डराकर ब्लैकमेल करने और उससे करोड़ों रुपये की वसूली करने के आरोप हैं। बताया गया है कि आरोपित कथित तौर पर पीड़ित को वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देते थे। इसके अलावा दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और बच्चे के नाम पर दबाव बनाकर उससे लगातार धनराशि की मांग की जाती थी।
लगातार मिल रही धमकियों और कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वह आत्महत्या करने के बारे में सोचने लगा। आखिरकार उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के सामने अपनी व्यथा रखी।
SSP के निर्देश पर मुकदमा दर्ज, कार्रवाई शुरू
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग के जरिए लोगों को डराकर धन व संपत्ति हड़पने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले के सामने आने के बाद हल्द्वानी में हनीट्रैप और सेक्सटॉर्शन के नाम पर कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे ब्लैकमेलिंग के खेल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब पुलिस की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
























