पंचायती राज और सैनिक कल्याण विभाग में नई जिम्मेदारियां, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक पद पर भी बदलाव
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है। शासन की ओर से 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को उनके वर्तमान पदभार से आंशिक रूप से अवमुक्त करते हुए नए विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में पंचायती राज, सैनिक कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इन अधिकारियों के बदले गए दायित्व
नितेश कुमार झा (IAS-2002) वर्तमान में सचिव, शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें सचिव, पंचायती राज विभाग के दायित्व से अवमुक्त किया गया है। शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी उनके पास बनी रहेगी।
वी. षणमुगम (IAS-2009) वर्तमान में सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें सचिव, सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
सुगन किशोर पंत (IAS-2009) वर्तमान में सचिव, संस्कृति, सैनिक कल्याण एवं सचिवालय प्रशासन विभाग के साथ महानिदेशक संस्कृति की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें सैनिक कल्याण विभाग के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है।
उज्ज्वल नारायण (IAS-2010) वर्तमान में सचिव, पुनर्गठन एवं भाषा विभाग तथा उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण (USAAAT) के निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें सचिव, पंचायती राज विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशाल कुमार (IAS-2013) वर्तमान में अपर सचिव, लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में तैनात हैं। उन्हें निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून तथा प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुबोध दीपक सिंह (IAS-2017) वर्तमान में निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण के साथ निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण तथा प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे थे। उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के दोनों दायित्वों से अवमुक्त कर दिया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पदों एवं विभागों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें और इसकी अनुपालन आख्या प्रमुख सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराएं।
























