ग्राफिक एरा भीमताल के छात्र कार्तिकेय वारियाल का गूगल में 61.36 लाख के सालाना पैकेज पर चयन, चेयरमैन ने एक लाख रुपये देकर किया सम्मानित

प्लेसमेंट समारोह-2026 में मेधावी छात्र की उपलब्धि का हुआ सम्मान, चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला बोले- मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से मिलती है वैश्विक पहचान

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर के छात्र कार्तिकेय वारियाल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय और पूरे कुमाऊं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र कार्तिकेय का विश्व की प्रतिष्ठित टेक्नोलॉजी कंपनी गूगल में 61.36 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयन हुआ है।

इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्लेसमेंट समारोह-2026 में उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कार्तिकेय को एक लाख रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा के भीमताल परिसर की स्थापना के पीछे उनका मुख्य उद्देश्य कुमाऊं और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा है। पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा, क्षमता और बड़े सपने देखने का हौसला किसी से कम नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकें।

डॉ. घनशाला ने कहा कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय में दुनिया की नवीनतम तकनीकों और कॉर्पोरेट क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता, मार्गदर्शन और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी विश्वप्रसिद्ध कंपनियों में विद्यार्थियों का ऊंचे वेतन पैकेज पर चयन इसी प्रयास का परिणाम है।

इस दौरान गूगल में 61.36 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर चयनित कार्तिकेय वारियाल की उपलब्धि की विशेष सराहना की गई। चेयरमैन ने कहा कि कार्तिकेय ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास, लगन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। कहा कि माता-पिता का सहयोग, सही संस्कार और लगातार मिलने वाला प्रोत्साहन बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की शक्ति देता है। किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके परिवार और शिक्षकों का योगदान भी महत्वपूर्ण होता है।

समारोह में अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कार्तिकेय वारियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में मिले बेहतर शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन, मेंटरशिप और विभिन्न अवसरों ने गूगल तक पहुंचने की उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जूनियर छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि वे अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखें और सफलता पाने के लिए लगातार मेहनत करें। कार्तिकेय ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के निरंतर सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन को दिया।

वहीं, कार्तिकेय के पिता बसंत बल्लभ वारियाल ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेटे की इस सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के सकारात्मक एवं सहयोगपूर्ण शैक्षणिक वातावरण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

कार्तिकेय की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि कुमाऊं के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो पहाड़ में रहकर विश्वस्तरीय करियर बनाने का सपना देखते हैं। यह सफलता साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और अवसर मिलने पर पर्वतीय क्षेत्र के युवा भी दुनिया की बड़ी कंपनियों में अपनी जगह बना सकते हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 64.80 लाख की स्मैक के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.