मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये की बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

हल्द्वानी। उत्तराखंड में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मानदेय में बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका एवं मिनी कर्मचारी संगठन के बैनर तले हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में चल रहा धरना प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और अपनी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर अपनी दो प्रमुख मांगों को पूरा करने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन उनके मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है। ऐसे में बढ़ती महंगाई को देखते हुए सरकार को उनके मानदेय में वृद्धि करनी चाहिए।

संगठन की पहली मांग है कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये की बढ़ोतरी करे। इसके साथ ही केंद्र सरकार को भी प्रतिदिन 150 रुपये मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि कार्यकर्ताओं को आर्थिक रूप से राहत मिल सके।

वहीं, संगठन की दूसरी प्रमुख मांग सेवानिवृत्ति से जुड़ी है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि सेवानिवृत्ति के समय उन्हें बिना किसी अतिरिक्त अर्हता या शर्त के 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाए। इसके लिए सरकार से जल्द शासनादेश जारी करने की मांग की गई है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर वे 23 अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रही हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने सरकार से मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की है।

सातवें दिन भी बुद्ध पार्क में धरना जारी रहने से साफ है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान धनपा बिष्ट, सीमा नेगी, रेखा आर्य, लीला रुवाली, सोनी, पुष्पा जोशी, गीता, लक्ष्मी बोरा, शकुंतला , भावना, नंदिता सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें :  जमरानी बांध प्रभावितों के पुनर्वास में देरी पर सांसद अजय भट्ट सख्त

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.