सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ धूमधाम से मनाया गया नैनीताल का स्थापना दिवस, विधायक सरिता आर्य और पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

रिपोर्टर: गुड़डू सिंह ठठोला

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल ने बुधवार, 18 नवंबर को अपना 185वां जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर शहर के बास्केटबॉल कोर्ट में ताल चैनल की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान 25 से अधिक केक काटकर नैनीताल का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर बच्चों को उपहार देने के साथ जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए।नैनीताल ने मनाया 185वां जन्मदिन, 25 से अधिक केक काटकर मनाया जश्न; बच्चों को बांटे कंबल और स्टील की बोतलें

कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक एवं पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। नैनीताल की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विश्व में सभी प्राणियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए हवन, अरदास तथा हिंदू, मुस्लिम और ईसाई धर्म की परंपराओं के अनुसार प्रार्थना की गई। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ शामिल होकर आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गीत-संगीत ने भी खूब रंग जमाया। इस दौरान शहर की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और नैनीताल की पहचान को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रो. ललित तिवारी, मीनाक्षी कीर्ति और नवीन पांडे ने नैनीताल के इतिहास, यहां के ऐतिहासिक तथ्यों और इससे जुड़े रोचक प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नैनीताल के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक महत्व को भी रेखांकित किया।

गौरतलब है कि 18 नवंबर 1841 को पीटर बैरन के नैनीताल पहुंचने के बाद यहां बसावट की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में स्थानीय नागरिक हर वर्ष 18 नवंबर को नैनीताल का जन्मदिन मनाते हैं। यह आयोजन शहरवासियों के लिए अपनी ऐतिहासिक विरासत और सरोवर नगरी के प्रति प्रेम एवं जुड़ाव व्यक्त करने का विशेष अवसर बन चुका है।

जन्मदिन समारोह के दौरान समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। इनमें आवाज के जादूगर हेमंत बिष्ट, इमरान, डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, भुवन बिष्ट, विनीता चौधरी, ज्योति मेहरा, ममता जोशी, तल्लीताल व्यापार मंडल, हेमंत मर्तोलिया, पूर्व वन क्षेत्राधिकारी तथा आचार्य केसी सुयाल शामिल रहे।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, दया बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, पिंक लेडी आशा शर्मा, दया कृष्ण पोखरिया, भूपेंद्र बिष्ट, नीलू अल्हैंस, संगीता पंत, सभासद भगवत रावत, आनंद बिष्ट, मीनू बुदलाकोटी, मनोज कुमार, पूरन बिष्ट, उप्रेती, लता दफौटी, शैलेंद्र बरगली, हरीश राणा, विक्की राठौर, मनराल, त्रिभुवन फर्त्याल, जगदीश बावरी, डॉ. मनोज बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में SIR के बाद चलाए गए 27 दिन के विशेष अभियान से जुड़े 1.19 लाख नए मतदाता, अभी नाम शामिल कराने का मौका

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.