फर्जी आरटीओ चालान लिंक खोलना पड़ा महंगा, भाजपा नेता के बैंक खाते से निकले 1.70 लाख
चम्पावत। साइबर ठगों ने अब आम लोगों के साथ ही जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक पदाधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
चम्पावत में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं अधिवक्ता शंकर पांडेय साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया और बैंक खाते से करीब 1.70 लाख रुपये की रकम निकाल ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चम्पावत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर पांडेय के मोबाइल फोन पर टनकपुर के एक मोबाइल नंबर से आरटीओ चालान से संबंधित मैसेज आया था। मैसेज में चालान की जानकारी देते हुए उसे खोलने के लिए कहा गया था। शंकर पांडेय ने जैसे ही मैसेज को खोला, उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया। इसके बाद उनका फोन साइबर ठगों के नियंत्रण में चला गया।
अधिवक्ता शंकर पांडेय ने इस पूरे मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है। उन्होंने साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
फर्जी चालान मैसेज से रहें सावधान
इस घटना ने एक बार फिर मोबाइल फोन पर आने वाले अनजान लिंक और फर्जी मैसेज को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। साइबर ठग आरटीओ चालान, बिजली बिल, बैंक केवाईसी और अन्य सरकारी सेवाओं के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल और बैंक खातों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
ऐसे में किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक या एपीके फाइल को खोलने से बचें। चालान की जानकारी केवल आधिकारिक परिवहन विभाग की वेबसाइट या अधिकृत माध्यम से ही प्राप्त करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं।
























