लेनदेन के विवाद में स्विफ्ट कार को घेरकर युवक को सड़क पर गिराया, लात-घूंसों से की पिटाई और जबरन बोलेरो में डालकर ले गए आरोपी; पुलिस की घेराबंदी के बाद आनंदपुर मोड़ पर कार छोड़कर फरार हुए हमलावर

किच्छा (उधमसिंह नगर)। शहर में सोमवार को दिनदहाड़े कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एचडीएफसी बैंक के सामने बोलेरो सवार छह युवकों ने लेनदेन के विवाद में बाजपुर निवासी एक युवक को उसकी कार से जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और फिर जबरन बोलेरो में डालकर अगवा कर ले गए। इस दौरान आरोपियों में से एक युवक पीड़ित की स्विफ्ट कार भी लेकर फरार हो गया। व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बाजपुर के इटऊआ निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का लालकुआं निवासी कुछ लोगों के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को हरजिंदर सिंह अपने साथी संदीप के साथ स्विफ्ट कार से किसी काम से किच्छा आए हुए थे। दोनों एचडीएफसी बैंक के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान बोलेरो सवार छह युवकों ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपनी बोलेरो स्विफ्ट कार के आगे लगा दी और इसके बाद नीचे उतरकर कार के दरवाजे खोलने लगे। उन्होंने कार में बैठे हरजिंदर और उसके साथी को जबरन बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान हरजिंदर ने आरोपियों के चंगुल से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और सड़क पर गिरा दिया।

इसके बाद सभी आरोपियों ने युवक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। दिनदहाड़े सड़क पर युवक की पिटाई होती देख आसपास मौजूद लोग भी सकते में आ गए। इस बीच हरजिंदर का साथी संदीप किसी तरह मौके से फरार हो गया। आरोपियों ने मारपीट के बाद हरजिंदर को जबरन बोलेरो में डाला और अपने साथ लेकर चले गए। वहीं, एक आरोपी पीड़ित की स्विफ्ट कार लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए संभावित रास्तों पर दबिश और घेराबंदी की। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी स्विफ्ट कार को आनंदपुर मोड़ के पास छोड़कर फरार हो गए।

लेनदेन के विवाद में हुई वारदात, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सैनी ने बताया कि हरजिंदर सिंह का लालकुआं निवासी कुछ लोगों के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते छह युवक बोलेरो से पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश और घेराबंदी शुरू कर दी है।

शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में बैंक के सामने हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े युवक को पीटकर अगवा किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल के तल्लीताल बस अड्डे पर यात्रियों से कथित लूट! भवाली जाने वालों को बस में बैठाने से इनकार, कैंची धाम के नाम पर वसूला जा रहा दोगुना किराया
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.