रोती हुई बच्ची को चुप कराने के बहाने कमरे में ले गया आरोपी, मां के पहुंचते ही मौके से फरार; पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र में महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

घटना में बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात की है। मामले में बिहार के भागलपुर निवासी सौरभ नाम के युवक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रोती बच्ची को चुप कराने के बहाने कमरे में ले गया आरोपी
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बच्ची के परिजनों के हवाले से बताया कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला परिवार हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। परिवार के सदस्य फैक्टरी के आसपास ही रहते हैं। कुछ दिन पहले बिहार के भागलपुर का रहने वाला सौरभ भी इसी फैक्टरी में काम करने आया था। उसने बच्ची के परिवार के घर के पास ही एक कमरा किराये पर लिया हुआ था।

बताया गया कि रविवार रात बच्ची की मां घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान बच्ची रोने लगी। आरोप है कि तभी सौरभ वहां पहुंचा और बच्ची को चुप कराने के बहाने अपने कमरे में ले गया। कुछ देर बाद आरोपी के कमरे से बच्ची की तेज चीखें सुनाई दीं। आवाज सुनकर मां घबराते हुए कमरे की ओर दौड़ी।

बदहवास हालत में मिली मासूम, मां को देखकर फरार हुआ आरोपी

परिजनों के अनुसार, जब बच्ची की मां आरोपी के कमरे में पहुंची तो वहां मासूम बदहवास हालत में मिली। मां को अचानक सामने देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश तेज

कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि बच्ची के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी सौरभ के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना से इलाके में आक्रोश, मासूम के लिए न्याय की मांग

महज 11 माह की बच्ची के साथ हुई इस कथित दरिंदगी की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और कार्यस्थलों के आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की निगाहें मासूम के स्वास्थ्य और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में शिक्षक के छेड़छाड़ के आरोप से मचा बवाल, आक्रोशित छात्रों ने प्राध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.