“न्याय की वास्तविक सार्थकता तभी है जब वह अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे” न्यायमूर्ति मनोज तिवारी
खन्स्यु/भीमताल/नैनीताल। न्याय केवल न्यायालयों और कानूनी प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उसकी पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए। भौगोलिक दूरी, आर्थिक अभाव और सामाजिक परिस्थितियां किसी भी व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं न्याय से वंचित नहीं कर सकतीं। यह बात उत्तराखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने खन्स्यु तहसील परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए कही।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया।
पहाड़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचे न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ
न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल सुंदर पर्वतों और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि यहां के लोगों की मेहनत, सादगी, आत्मसम्मान और संघर्षशीलता से भी है। पहाड़ का जीवन अनेक चुनौतियों से भरा हुआ है। यहां माताएं और बहनें कठिन परिस्थितियों में परिवार एवं समाज की जिम्मेदारियां निभाती हैं। बच्चे सीमित संसाधनों में अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करते हैं, जबकि युवा बेहतर अवसरों की तलाश में गांवों से दूर जाने को मजबूर होते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में विधिक सेवा प्राधिकरण का दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि किसी भी व्यक्ति को केवल दूरी या आर्थिक कमजोरी के कारण न्याय से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने NALSA की जागृति स्कीम-2025 और NALSA (शिक्षा, समावेशन एवं सहायता) स्कीम-2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल कानूनी सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना भी है।
बेटियों की शिक्षा को दें प्राथमिकता
न्यायमूर्ति तिवारी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा को भी बेटों के समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एक शिक्षित बेटी न केवल अपना भविष्य संवारती है, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती है।
उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी, दिव्यांगता या सामाजिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं, बुजुर्गों, श्रमिकों और बच्चों तक पहुंचना चाहिए, ताकि वे अपने अधिकारों को जान सकें और अन्याय की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
शिविर केवल औपचारिकता नहीं, समस्याओं का हो फॉलोअप : न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल व आलोक मेहरा
इस अवसर पर न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने कहा कि ज्ञान और न्याय ही एक सशक्त समाज की नींव हैं। आम नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और सरकार एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी होना बेहद जरूरी है। आज भी बड़ी संख्या में लोगों को यह जानकारी नहीं है कि कानूनी समस्या आने पर उन्हें किस विभाग या संस्था से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देशित किया कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाएं, बल्कि इनके माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं का नियमित फॉलोअप भी किया जाए। इसके लिए समय-समय पर छोटे-छोटे शिविर आयोजित करने, वालंटियर्स के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लोगों के आवेदन भरवाकर संबंधित विभागों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं आलोक मेहरा ने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कहीं 100 बच्चों पर केवल दो शिक्षक हैं तो कहीं दो शिक्षक होने के बावजूद विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम है। इस व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।
उन्होंने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण और स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की समस्या को समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनना भी है।
युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “यदि आपको तेज गति से आगे बढ़ना है तो अकेले चलिए, लेकिन दूर तक जाना है तो साथ मिलकर चलना होगा। यदि आपको कोई अच्छा व्यक्ति दिखाई न दे तो स्वयं एक अच्छा व्यक्ति बन जाइए।”
उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें और उपलब्ध निशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाएं।
इस दौरान हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं विनीता परगाई, ऊषा और ममता रेखा को सम्मानित किया गया।
नशा मुक्ति विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सब-जूनियर वर्ग में गीतांजलि बोहरा और उत्कर्ष कुमार, जूनियर वर्ग में दीक्षा, चांदनी और यमुना तथा सीनियर वर्ग में गरिमा, पूनम परगाई और ख्याति चिलवाल को सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान पौधारोपण भी किया गया तथा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।
विभिन्न विभागों ने मौके पर किया ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ कई कार्य मौके पर ही किए गए।
इसके अतिरिक्त सहकारिता, पर्यटन, विद्युत सहित अन्य विभागों की ओर से भी अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
कई न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला जज प्रशांत जोशी, रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख केडी रूवाली, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि विधिक जागरूकता का उद्देश्य केवल लोगों को कानून की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें उनके अधिकार दिलाना और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए शिविरों में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
























