पूर्व सैनिक की जमीन के सीमांकन के नाम पर मांगे 50 हजार रुपये! राजस्व निरीक्षक निलंबित, डीएम ललित मोहन रयाल ने की कार्रवाई
पूर्व सैनिक की जमीन पर कब्जे की शिकायत बनी कानूनगो के लिए मुसीबत, 50 हजार मांगने का आरोप
पहले 9,700 फिर 50 हजार की मांग! रिश्वतखोरी के आरोप में राजस्व निरीक्षक पर गिरी गाज
नैनीताल। पूर्व सैनिक की जमीन पर कथित अतिक्रमण की शिकायत का निस्तारण करने और भूखंड का सीमांकन कराने के एवज में धनराशि मांगने का आरोप राजस्व विभाग के एक कर्मचारी पर लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) हल्द्वानी रमेश चन्द्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उन्हें तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता तनोज तिवारी ने हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला स्थित अपने प्लॉट पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि भूखंड की करीब 5.5 फीट चौड़ाई और 80 फीट गहराई तक भूमि पर अतिक्रमण अथवा कब्जे का दबाव बनाया गया है। कुल मिलाकर लगभग 440 वर्गफुट जमीन प्रभावित होने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता ने 14 नवंबर 2026 को अपराह्न 4:29 बजे व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत राजस्व निरीक्षक हल्द्वानी को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजी थी। इसके बाद 21 नवंबर को प्रस्तुत शिकायती पत्र में राजस्व निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए गए।
पहले 9,700, फिर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 20 नवंबर को बग्वाल अवकाश के दिन शिकायतकर्ता को राजस्व निरीक्षक ने अपने कार्यालय में बुलाया। इसके बाद संबंधित अधिकारी ने विवादित भूखंड का निरीक्षण भी किया। आरोप है कि मौके पर निरीक्षण करने के एवज में पहले 9,700 रुपये की मांग की गई। वहीं, जमीन से संबंधित दस्तावेज लेने के बाद शीघ्र कार्रवाई करने के नाम पर दोबारा 50 हजार रुपये मांगे गए।
शिकायतकर्ता ने इस पूरे प्रकरण को लेकर अधिकारियों से शिकायत की। मामला संज्ञान में आने के बाद तहसीलदार हल्द्वानी की ओर से संबंधित कानूनगो रमेश चन्द्र से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध दीर्घ शास्ति अधिरोपित किए जाने की स्थिति बन सकती है। इसी को देखते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान राजस्व निरीक्षक रमेश चन्द्र को तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है।
गौरतलब है कि संबंधित कानूनगो का नाम पूर्व में हरिद्वार में नगर निगम की भूमि से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच के दायरे में भी आया था। इसके बाद उनका तबादला हल्द्वानी किया गया था।
उक्त प्रकरण में तत्कालीन जिलाधिकारी, नगर आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई थी। अब हल्द्वानी में पूर्व सैनिक की जमीन के सीमांकन के नाम पर धन मांगने के आरोपों के बाद निलंबन की कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल मच गई है।
























