भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत, तीसरा गंभीर घायल; दो परिवारों में मचा कोहराम

बिष्टि रोड पर मजार के पास हुआ हादसा, बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; मृतकों में बीएससी का छात्र भी शामिल

सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिष्टि रोड पर अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। वहीं घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सितारगंज से बिष्टि रोड होते हुए मझोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिष्टि रोड स्थित मजार के पास अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क से दूर जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक जुनैद पुत्र मेजर खान ने किसी तरह अपने परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों युवकों को तत्काल सितारगंज के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का उपचार शुरू किया गया।

मृतकों में बीएससी का छात्र भी शामिल

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 22 वर्षीय मोनिस खान पुत्र हनीफ खान और 21 वर्षीय साहिल अंसारी पुत्र मोहम्मद यासीन, निवासी बीथा अकबर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहिल अंसारी बीएससी का छात्र था। वहीं दुर्घटना में घायल तीसरे युवक की पहचान जुनैद पुत्र मेजर खान के रूप में हुई है।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव और चौकी प्रभारी दीपक कौशिक पुलिस टीम के साथ उप जिला चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। अज्ञात वाहन की पहचान करने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दो परिवारों में पसरा मातम

दो युवा बेटों की असमय मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। जिन घरों में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात तक अस्पताल में मृतकों के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।

एक ही हादसे में दो युवाओं की जिंदगी खत्म होने और तीसरे के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में बैंक ऑफ बड़ौदा का रिश्वतखोरी मामला: 1.8 करोड़ के लोन के बदले मांगी 9 लाख की कमीशन, शाखा प्रबंधक समेत तीन गिरफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.