हल्द्वानी में प्रशासन का एक्शन: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद सील हुआ होमस्टे अब बुलडोजर से ध्वस्त

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के कटघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के बाद प्रशासन ने अब अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए होमस्टे के अवैध हिस्से पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। इस दौरान होमस्टे के किचन और स्टोर को ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले प्रशासन और पर्यटन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में होमस्टे को सील किया जा चुका था।

सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया था कि त्रिशूल होमस्टे का कुछ हिस्सा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की और मंगलवार को बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद सुर्खियों में आया था होमस्टे

गौरतलब है कि कटघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे उस समय सुर्खियों में आया था, जब यहां एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुखानी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल धीरज बिष्ट वर्ष 2026 के एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश देखने को मिला था।

बिना समुचित पहचान पत्र जांच के कमरा देने का भी मामला

पुलिस जांच में होमस्टे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि कथित तौर पर पहचान पत्रों की समुचित जांच किए बिना ही कमरा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की गई। प्रशासन और पर्यटन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले ही होमस्टे को सील कर दिया था।

अब सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर किए गए निर्माण को ध्वस्त किए जाने के बाद प्रशासन की कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। इस कार्रवाई को नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के बाद होमस्टे की अनियमितताओं पर प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर भी देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल में सड़कों की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, अनिश्चितकालीन धरना शुरू
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.