10 वर्षों से बदहाल बबियाड–टपूवा–दुदुली समेत तीन मोटरमार्गों के निर्माण और सुधारीकरण की मांग, ग्रामीणों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

भीमताल/धारी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी विकासखंड अंतर्गत बबियाड ग्रामसभा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर आखिरकार ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया है। पिछले करीब 10 वर्षों से जर्जर हालत में पड़े मोटरमार्गों के सुधारीकरण और निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलन के पहले दिन बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने धरने में शामिल होकर सड़क निर्माण की मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कहा कि बबियाड ग्रामसभा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की तीन प्रमुख सड़कें लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही हैं। इनमें बबियाड–टपूवा–दुदुली मोटरमार्ग, गैराखान–कैलाश द्वार मोटरमार्ग और बिरसिग्या मोटरमार्ग शामिल हैं। इन सड़कों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि ग्रामीणों को आए दिन आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़कें दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी जरूरत होती हैं, लेकिन पिछले एक दशक से इन मार्गों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। ग्रामीणों की ओर से कई बार जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को विभिन्न माध्यमों से समस्याओं से अवगत कराया गया। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई धरातल पर नजर नहीं आई।

क्षेत्रीय सांसद और विधायक पर क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार मांग उठाने के बाद भी जब ग्रामीणों को राहत नहीं मिली तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से खराब सड़कों के कारण परेशानियां झेल रही है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इसे लेकर ग्रामीणों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक सड़क का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षित आवागमन से जुड़ा सवाल है। ग्रामीण अब अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। जब तक संबंधित मोटरमार्गों की बदहाली दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना जारी रहेगा।

मनोज शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग ने जल्द ही ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं और अपने क्षेत्र की सड़कों के सुधारीकरण की मांग को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के साथ ग्राम प्रधान दुदुली शिवदत्त पांडे, क्षेत्र पंचायत सदस्य बबियाड चंद्र प्रकाश आर्या, ग्राम प्रधान अम्दौ गणेश बेलवाल, उप ग्राम प्रधान दुदुली चंद्रशेखर, केशव दत्त पलड़िया, योगेश कोटलिया, दीपक चंद्र शर्मा, विक्की सिंह सम्मल, सूरज आर्या, चेतन शर्मा, कमल कोटलिया, आनंद प्रकाश, भोला सुयाल, दीवान सिंह मेहता, राकेश चंद्र, मनोज कुमार, भाष्कर शर्मा, किसान मंच धारी के अध्यक्ष उमेश शर्मा, भोला दत्त, सुनील कुमार, प्रीतम सिंह, जगदीश सिंह सम्मल, राजू सम्मल और शेर सिंह मेहता सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा एवं वरिष्ठ ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग उठाई कि तीनों मोटरमार्गों की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से निजात मिल सके।

ग्रामीणों का साफ संदेश—अब आश्वासन नहीं, सड़कों का निर्माण और सुधारीकरण चाहिए।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 18 नवंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.