चाइना पीक के जंगलों से 18 दिन से लापता है बिहार का युवक अर्नव, SDRF-पुलिस-वन विभाग की टीमें ड्रोन और डॉग स्क्वायड से कर रही हैं तलाश
रिपोर्टर – गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के चाइना पीक के घने जंगलों से बिहार का एक युवक पिछले 18 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। युवक की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इधर, बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी अर्नव 6 नवंबर को अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल के चाइना पीक में ट्रैकिंग और घूमने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान अर्नव अपने दोस्तों से बिछड़ गया। दोस्तों ने उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला तो मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद से ही युवक की तलाश के लिए संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया गया।
युवक की तलाश में फायर ब्रिगेड, पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें लगातार जंगल के दुर्गम रास्तों और संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही हैं। सर्च ऑपरेशन में ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। जंगल के भीतर ऐसे स्थानों को भी खंगाला जा रहा है, जहां आमतौर पर पहुंचना काफी मुश्किल है। इसके बावजूद अभी तक अर्नव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
वहीं पुलिस इस मामले में अर्नव के साथ गए दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस की योजना दोस्तों को दोबारा उसी रास्ते पर ले जाकर घटनाक्रम समझने की है, जहां से अर्नव के लापता होने की बात सामने आई है। इससे युवक के आखिरी मूवमेंट और उसके बिछड़ने की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
फायर अधिकारी ने कहा, तलाश मिलने तक जारी रहेगा अभियान
फायर अधिकारी नैनीताल अभिषेक भट्ट ने बताया कि 6 नवंबर को अर्नव अपने तीन दोस्तों के साथ चाइना पीक की तरफ ट्रैकिंग के लिए गया था। इसके बाद से वह लापता है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग के साथ मिलकर संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। सभी टीमें लगातार युवक को तलाशने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक युवक का कोई पता नहीं चल जाता, तब तक खोजबीन अभियान जारी रहेगा।
बेटे की राह देख रहे माता-पिता, परिवार की उम्मीदें बरकरार
इधर, अर्नव के लापता होने के 18 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने से परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता लगातार अपने बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिजन संबंधित थाने और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं और प्रशासन से अपने बेटे को जल्द तलाशने की गुहार लगा रहे हैं। परिवार के लिए हर गुजरता दिन चिंता और बेचैनी बढ़ा रहा है।
फिलहाल चाइना पीक के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है। अब सभी की निगाहें पुलिस और बचाव दलों की तलाश पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अर्नव चाइना पीक के जंगलों में कहां लापता हो गया और 18 दिनों से उसका कोई सुराग क्यों नहीं मिल पा रहा है?
फायर अधिकारी ने कहा, तलाश मिलने तक जारी रहेगा अभियान।
फायर अधिकारी नैनीताल अभिषेक भट्ट ने बताया कि 6 नवंबर को अर्नव अपने तीन दोस्तों के साथ चाइना पीक की तरफ ट्रैकिंग के लिए गया था। इसके बाद से वह लापता है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग के साथ मिलकर संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। सभी टीमें लगातार युवक को तलाशने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक युवक का कोई पता नहीं चल जाता, तब तक खोजबीन अभियान जारी रहेगा।
























