हरिद्वार में भी देव दीपावली का भव्य नजारा, 21 हजार दीपों से जगमगाई हरकी पैड़ी; गंगा आरती और लेजर शो ने मोहा मन
काशी के बाद अब हरिद्वार में दिखी देव दीपावली की भव्यता, गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
हरकी पैड़ी पर दीपों का महासागर, गंगा आरती और लेजर शो ने बांधा समां
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में भी काशी की तर्ज पर देव दीपावली का उत्सव भव्य रूप से मनाया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को मनाई जाने वाली देव दीपावली से एक दिन पहले सोमवार शाम को ही हरकी पैड़ी सहित गंगा के प्रमुख घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। गंगा के प्रति अटूट आस्था और सदियों पुरानी दीपदान परंपरा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचे और मां गंगा की आराधना कर दीप प्रज्ज्वलित किए।
गंगा सभा की ओर से हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप और सुभाष घाट पर 21 हजार से अधिक दीपक जलाए गए। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा गंगा तट आलोकित हो उठा। घाटों पर जलते दीपकों की कतारों ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया कि श्रद्धालु और पर्यटक इस अलौकिक नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। शाम ढलते ही हरकी पैड़ी पर श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सोमवार शाम को परिवारों के साथ हरकी पैड़ी पहुंचे लोगों ने गंगा किनारे दीप जलाए। देखते ही देखते घाटों पर दीपों की लंबी कतारें सज गईं। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यटकों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
देवताओं के गंगा तट पर दीपावली मनाने की है पौराणिक मान्यता
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा की शाम देवता स्वर्ग से उतरकर गंगा के तट पर दीपावली मनाते हैं। इसी धार्मिक मान्यता के चलते इस दिन गंगा के घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित करने और दीपदान की विशेष परंपरा है। हरिद्वार में हरकी पैड़ी इस परंपरा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। श्रद्धालु मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने के साथ ही अपने पूर्वजों के निमित्त भी दीपदान करते हैं।
गंगा सभा के स्वागत सचिव सिद्धार्थ चक्रपाणी ने बताया कि हरिद्वार में देव दीपावली का आयोजन अब देश-विदेश के पर्यटकों को भी आकर्षित करने लगा है। यह पर्व केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि गंगा, भारतीय संस्कृति और अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से धर्मनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूती मिल रही है।
मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर हरकी पैड़ी समेत गंगा के अन्य घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालु गंगा स्नान के साथ दीपदान कर पुण्य अर्जित करेंगे। सोमवार शाम को उमड़ी भीड़ ने मंगलवार को होने वाले आयोजन की भव्यता का संकेत पहले ही दे दिया है।
गंगा सभा के पदाधिकारी रहे मौजूद
सोमवार शाम आयोजित देव दीपावली कार्यक्रम में गंगा सभा के सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, अध्यक्ष नितिन गौतम, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, उपाध्यक्ष मनोज झा, वीरेंद्र कौशिक, उज्ज्वल पंडित, अभिनाश, पुनीत त्रिपाठी, आयुष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
























