गुजरात हादसे में बुझ गए सात जीवन: कोटद्वार में सैन्य सम्मान के साथ जवानों और परिवारों का अंतिम संस्कार
दो जवान, दो परिवार और सात मौतें… खोह नदी तट पर गमगीन माहौल में दी गई अंतिम विदाई
कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो सैन्य जवानों और उनके परिवारों का सोमवार को उत्तराखंड के कोटद्वार में अंतिम संस्कार किया गया। खोह नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ सभी मृतकों को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान माहौल गमगीन रहा। अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी और परिजन मौजूद रहे। हर आंख नम थी और पूरा क्षेत्र शोक में डूबा नजर आया।
अंतिम संस्कार से पहले विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मृतकों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सैन्य अधिकारियों ने शहीद जवानों को सैन्य परंपराओं के अनुरूप अंतिम सम्मान दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात जवान सौरभ नेगी और राजेश रावत अपने परिवारों के साथ गुजरात के कच्छ स्थित रण घूमने गए थे। सभी लोग भुज से कच्छ के रण की यात्रा के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब नौ बजे भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार की एक ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में दोनों सैन्य जवानों समेत कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में ध्रुव विहार निवासी 31 वर्षीय सौरभ नेगी, उनकी 30 वर्षीय पत्नी सविता और तीन माह की मासूम बेटी शिविका शामिल थीं। इसके अलावा नायक नितिन गुसाईं की 32 वर्षीय पत्नी रिंकी गुसाईं और उनकी चार वर्षीय बेटी वमिका तथा नायक राजेश रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता ने भी हादसे में जान गंवा दी।
एक ही हादसे में दो जवानों और उनके परिवारों के सात सदस्यों की मौत की खबर से कोटद्वार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी भी मृतकों के आवासों पर पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
पांच राउंड फायर कर जवानों को दी गई अंतिम सलामी
दोपहर करीब एक बजे सभी सातों मृतकों के पार्थिव शरीर खोह नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम लाए गए। यहां सैन्य परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। सेना की टुकड़ी ने पांच राउंड फायर कर जवान सौरभ नेगी और राजेश रावत को अंतिम सलामी दी।
इस दौरान मुक्ति धाम में भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध था। दो सैन्य जवानों के साथ उनके परिवारों के उजड़ने की इस घटना ने पूरे कोटद्वार को गहरे शोक में डुबो दिया। नम आंखों और भारी मन से लोगों ने सभी सातों मृतकों को अंतिम विदाई दी।
























