300 मीटर का रास्ता पार करने में लग रहे दो घंटे, स्कूल बसों से लेकर एंबुलेंस तक जाम में फंसने से लोग परेशान; अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग

हल्द्वानी। शहर के ऊंचापुल चौराहे पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से परेशान क्षेत्रवासियों का आक्रोश सोमवार को सड़कों पर देखने को मिला। लंबे समय से जाम की समस्या का सामना कर रहे स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ ऊंचापुल चौराहे पर धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही और अतिक्रमण के चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

धरना-प्रदर्शन कर रहे क्षेत्रवासियों का कहना था कि ऊंचापुल चौराहे पर रोजाना लगने वाले जाम के कारण सैकड़ों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की बसें हों या मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस, नौकरीपेशा लोग हों या फिर स्थानीय व्यापारी, कोई भी इस समस्या से अछूता नहीं है। जाम के कारण लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है और रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि महज 300 मीटर का रास्ता पार करने में दो घंटे तक का समय लग जाता है। ऐसे में लोगों को मानसिक परेशानी के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को जाम के कारण होने वाली दिक्कतों को लेकर लोगों ने चिंता जताई।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की कि ऊंचापुल चौराहे और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। सड़क पर बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया जाए और जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। लोगों का कहना था कि केवल अस्थायी यातायात व्यवस्था बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि अतिक्रमण हटाने और सड़क को व्यवस्थित करने की जरूरत है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की और क्षेत्र को जाम से मुक्ति नहीं दिलाई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्रवासी इस समस्या को लेकर चुप बैठने वाले नहीं हैं।

धरना-प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश जोशी, पार्षद संजय सिंह भोजक, पार्षद प्रमोद पंत, पार्षद प्रतिनिधि मनोज जोशी, पार्षद चंद्रप्रकाश, कैप्टन सोबन सिंह भड़, गोकुलानंद जोशी, पंडित कपिल पाण्डेय, नीलेश जोशी, पवन फुलारा, योगेश भोज, हर्षवर्धन जोशी, देवेंद्र दफौटी, रवि भोजक, बीएस असवाल, मोहन सिंह भोजक, गोपाल पतलिया, बालम बोहरा, सौरभ बोहरा सहित दर्जनों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  गुजरात सड़क हादसे में मारे गए जवानों और परिवारों को नम आंखों से अंतिम विदाई, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.