लकड़ी के मकानों में तेजी से फैली आग, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी खाक; राहत-बचाव में जुटीं पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें, मुख्यमंत्री धामी ने दिए राहत के निर्देश
लकड़ी के मकानों में तेजी से फैली आग, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी खाक; राहत-बचाव में जुटीं पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें, मुख्यमंत्री धामी ने दिए राहत के निर्देश
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित हरकीदून घाटी के पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। एक मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गांव के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय की इमारत भी आग की भेंट चढ़ गई। अग्निकांड के बाद करीब 58 परिवार बेघर हो गए हैं। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी तबाही के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे पवाणी गांव में अचानक एक मकान से आग की लपटें उठने लगीं। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, आग आसपास बने दूसरे मकानों तक पहुंच गई। लकड़ी से बने मकानों के कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते लपटों ने कई घरों को घेर लिया और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
आग की चपेट में आने से मकानों में रखे गैस सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली। इस दौरान करीब पांच से छह गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज से पूरा गांव दहल उठा और आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।
आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपने घरों से जरूरी सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। घरों में रखा खाद्यान्न, कपड़े, बर्तन, नकदी, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। कई परिवारों की वर्षों की मेहनत और जीवनभर की जमा पूंजी कुछ ही घंटों में नष्ट हो गई।
46 मकानों वाले गांव में अब सिर्फ 13 मकान सुरक्षित
प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक पवाणी गांव में कुल 46 मकान थे, जिनमें से 33 मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। अब गांव में केवल 13 मकान ही सुरक्षित बचे हैं। इसके अलावा गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अग्निकांड के चलते करीब 58 परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मोरी तहसील मुख्यालय से पुलिस, राजस्व विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मोरी तहसील मुख्यालय से पवाणी गांव की दूरी करीब 45 किलोमीटर है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और सड़क मार्ग की चुनौतियों के चलते राहत एवं बचाव दलों को गांव तक पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया।
टीमों के मौके पर पहुंचने तक आग गांव के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुट गई। अग्निशमन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में लगी रही।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, प्रभावितों को तत्काल राहत देने के निर्देश
पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान के अनुसार पुलिस, राजस्व, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेघर हुए परिवारों के लिए तत्काल रहने, खाने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करना है। जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपना सब कुछ खो दिया है, उन्हें अब नए सिरे से जीवन शुरू करने के लिए सरकारी सहायता और पुनर्वास की जरूरत होगी।
पवाणी गांव में हुई यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में लकड़ी से बने मकानों और दुर्गम इलाकों में अग्निशमन सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
























