नैनीताल के नए कप्तान का एक्शन मोड, देर रात तक थाना प्रभारियों की ली क्लास

जनता का विश्वास जीतना पहली प्राथमिकता, नैनीताल के नए एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिया संदेश

अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, बोले- जनता का विश्वास जीतना और अधीनस्थों का मनोबल बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी

नैनीताल। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अर्पण यदुवंशी (आईपीएस) ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने देर रात तक जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र, क्षेत्रीय परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।

एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग केवल कानून का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना और प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।

अधीनस्थों की समस्याओं का होगा समाधान, अनुशासन से नहीं होगा समझौता

बैठक के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन इसके साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखें। प्रत्येक पुलिसकर्मी को यह विश्वास होना चाहिए कि वह बिना किसी झिझक के अपनी समस्या या सुझाव अधिकारियों के सामने रख सकता है।

एसएसपी ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने निर्देश दिए कि थाना, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए पुलिस के प्रति सकारात्मक छवि और विश्वास मजबूत किया जाए।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जनपद के सामने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पर्यटन सीजन और अन्य चुनौतियां रहेंगी। इन सभी का सामना आपसी तालमेल, बेहतर रणनीति और सामूहिक प्रयासों से किया जाएगा। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी विनय सिंह, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन नैनीताल समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रधान लिपिक, अकाउंटेंट, आशुलिपिक और पीआरओ सहित अन्य पुलिसकर्मी भी बैठक में उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने अपनी पहली समीक्षा बैठक में पुलिसिंग की प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए अनुशासन, जनसेवा, जवाबदेही और टीम भावना पर विशेष जोर दिया।

अब देखना होगा कि इन निर्देशों का जनपद की पुलिस व्यवस्था और आमजन को मिलने वाली सेवाओं पर किस तरह प्रभाव दिखाई देता है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया फिर हुई सुचारू, अमीन संभालेंगे जिम्मेदारी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.