जिले में दुग्ध उत्पादन एक लाख से बढ़कर 1.42 लाख लीटर प्रतिदिन हुआ।

दुग्ध उत्पादकों को जल्द 3 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त भुगतान देने की घोषणा।

वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा दुग्ध समितियों के समक्ष रखा गया।

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया।

अधिवेशन में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के पदाधिकारियों, जिले की विभिन्न दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और दुग्ध उत्पादकों ने प्रतिभाग किया।

अधिवेशन के दौरान नैनीताल दुग्ध संघ की ओर से जिले की सभी दुग्ध समितियों के समक्ष संस्था का वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया।

इसके साथ ही दुग्ध संघ की ओर से संचालित योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों को दुग्ध व्यवसाय को और अधिक मजबूत बनाने तथा दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

इस दौरान दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ लगातार दुग्ध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रहा है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आने वाले समय में दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर दूध पर 3 रुपये की बढ़ोतरी के साथ भुगतान किया जाएगा। इससे जिले के हजारों दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुकेश बोरा ने बताया कि दुग्ध संघ की योजनाओं और समितियों के प्रयासों से नैनीताल जिले में दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जिले में प्रतिदिन करीब एक लाख लीटर दूध का उत्पादन होता था, जो अब बढ़कर लगभग एक लाख 42 हजार लीटर प्रतिदिन पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन में हुई यह वृद्धि किसानों, पशुपालकों और दुग्ध समितियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

वहीं राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि नैनीताल जिले में दुग्ध उत्पादन किसानों की आय का एक प्रमुख स्रोत है। दुग्ध व्यवसाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने में दुग्ध उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सरकार भी दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दुग्ध समितियों को मजबूत बनाने और किसानों को दुग्ध व्यवसाय से जोड़ने की दिशा में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।

अधिवेशन में दुग्ध संघ की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ ही भविष्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, दुग्ध उत्पादकों को बेहतर आर्थिक लाभ देने और ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध व्यवसाय को रोजगार के मजबूत माध्यम के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षर वाले बैनर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.