ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। 75 वां गणतंत्र दिवस जनपद नैनीताल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी सरकारी/अर्द्धसरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मण्डलायुक्त दीपक रावत ने आयुक्त कार्यालय में और जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर, नैनीताल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस टुकड़ी द्वारा जिलाधिकारी को सलामी दी गई। 

 जिलाधिकारी ने जनपदवासियों और गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 26 जनवरी, 1950 को हमारे देश में संविधान लागू किया गया था, जिसके उपलक्ष्य में हम सभी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा हमारे देश का लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र है।

उन्होंने कहा लोकतंत्र में सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं और हमारे देश के संविधान में अनेक खूबियां हैं, हम सबको इन्हें आत्मसात करना चाहिए। हमें देश के प्रत्येक नागरिक के साथ भेदभाव की भावना त्याग कर समान व्यवहार करना चाहिए और सभी को प्रतिष्ठा और अवसर की समानता देनी चाहिए। जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त कार्मिकों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर भारत सरकार सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रायोजित गणतंत्र हमारा कीर्तिमान गीत का गायन किया गया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह, अपर जिलाधिकारी नैनीताल फिंचाराम चौहान, उपजिलाधिकारी सदर के साथ ही जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों आदि द्वारा मल्लीताल, नैनीताल स्थित राष्ट्र के महानुभावों संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, अमर शहीद राजेश अधिकारी और माल्लीताल, नैनीताल पंत पार्क स्थित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : कार एक्सेसरीज के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.