अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात; होटल, ढाबे और ठेले बंद कराए, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, चुनाव के मद्देनजर शहर में दिनभर के साथ रात के समय भी सघन चेकिंग अभियान जारी रहा।
छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग और अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने तिकोनिया से लेकर कॉलेज परिसर तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए। एसएसपी ने अधिकारियों के साथ गहन मंत्रणा कर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारू बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा की।
चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने तिकोनिया से आगे सभी होटल, ढाबे और ठेलों को बंद कराया, ताकि अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटवाया गया, जिससे यातायात सुचारू बना रहे और चुनाव के दौरान आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पार्कों में भीड़ नियंत्रण के लिए अनाउंसमेंट सिस्टम
चुनाव के दौरान पार्कों में एकत्र होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी पार्कों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम यानी अनाउंसमेंट सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए। इसके माध्यम से समय-समय पर लोगों को अनावश्यक रूप से एकत्र न होने और भीड़ को हटाने के लिए अनाउंसमेंट किया जा सकेगा।
पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी सुनिश्चित की है।
रात में भी जारी रहा चेकिंग अभियान
छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस की सतर्कता रात के समय भी जारी रही। विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों को प्रभावी चेकिंग और क्षेत्र में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।





































