औली और चकराता में फिर से बर्फबारी होने से ठंड बढ़ी
उत्तराखंड में आज मौसम ने फिर करवट बदली है। पहाड़ से मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। चमोली जनपद में लगातार तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है।

निजमुला घाटी के ईराणी, पाणा, झींझी, नंदानगर के रामणी, घूनी, पडेरगांव सहित कई गांवों में बर्फ जम गई है। जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। पैदल रास्तों और खेत खलियानों में बर्फ जमने से ग्रामीणों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

उत्तरकाशी जिले में रात से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से आगे बंद है। मोरी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।

चकराता में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई है। क्षेत्र के लौखंडी, कोटी-कनासर, जाड़ी, बुल्हाड़, देववन, केराड़ में भारी बर्फ पड़ी है। बर्फबारी के बाद जमीन पर छह इंच मोटी बर्फ की चादर जम गई है।
बदरीनाथ हाईवे पागलनाला में करीब एक घंटे तक बाधित रहा। यहां हाईवे पर आया मलबा दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं।
हाईवे पर हनुमान चटटी से आगे बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हो गया है। जोशीमठ-औली और चमोली-गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ हाईवे पर भी बर्फ जम जाने से वाहनों की आवाजाही मुश्किल से हो पा रही है।
यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो गया है। लेकिन, खरशालीगांव में स्थित मां यमुना मंदिर में बर्फ जमी हुई है।

बदरीनाथ, केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, औली, गौरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। औली में भी बर्फबारी के बाद भारी मात्रा में बर्फ जमी है।
नैनीताल में आज सुबह से ही रूक रूक कर बारिश हो रही है और किसी-किसी क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई है।





