भीमताल। हल्द्वानी -अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट स्थित प्रसिद्ध सुयालबाड़ी ढोकाने वाटरफॉल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।

अल्मोड़ा से अपने दोस्तों के साथ वाटरफॉल घूमने आया एक 17 वर्षीय किशोर नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया है।

मृतक की पहचान प्रियांशु कनवाल (17 वर्ष) पुत्र गोपाल कनवाल निवासी ग्राम पहल, खत्याड़ी (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है। वह अल्मोड़ा इंटर कॉलेज (AIC) में कक्षा 12 का छात्र था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह प्रियांशु अपने दो दोस्तों गौरव कनवाल (निवासी खत्याड़ी) और गौरव बिष्ट (निवासी पुलिस लाइन, अल्मोड़ा) के साथ स्कूटर से ढोकाने वाटरफॉल पहुंचा था। तीनों दोस्त वाटरफॉल में नहा रहे थे, तभी अचानक प्रियांशु गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।

स्थानीय लोगों द्वारा शोर सुनने पर मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ टीम के साथ क्वारब चौकी प्रभारी गोविंद टम्टा, आनंद राणा, विजय आगरी, तथा खैरना होमगार्ड मदन लाल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

कुछ ही देर में छात्र को पानी से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया। खत्याड़ी और पहल गांव से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस घटना ने एक बार फिर से ऐसे प्राकृतिक स्थलों पर सुरक्षा के इंतजामों की कमी को उजागर किया है, जहां हर सप्ताह बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखण्ड पुलिस के दो अधिकारियों को मिला बड़ा सम्मान, डॉ. जगदीश चन्द्र को राष्ट्रपति पुलिस पदक तो एसपी हरबन्स सिंह को गोल्ड मेडल से नवाजा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.