ताऊ के घर में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र ने पहले उनके खाते से निकाले पैसे, फिर खरीदी पुरानी कार,पोल खुली तो छात्र गाड़ी लेकर गायब

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र की गुमशुदगी का अनोखा मामला सामने आया है। ताऊ (सेवानिवृत्त फौजी) के घर में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र ने पहले उनके खाते से पैसे निकाल लिए।इसके बाद पुरानी कार खरीद ली।

पैसे गायब होने को लेकर जब पोल खुल गई तो छात्र गाड़ी लेकर गायब हो गया। नाबालिग के कार संग लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रियता से उसकी तलाश में जुट गई। शुक्रवार को पिथौरागढ़ जिले से छात्र को बरामद भी कर लिया गया।

थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश जोशी के अनुसार नाबालिग अपने ताऊ के घर पर रहकर पढ़ाई करता है। निजी स्कूल में 12वीं में पढ़ने वाले नाबालिग को कार चलाने का भी काफी शौक है।

पुरानी गाड़ी खरीदने के लिए उसने स्कैनर और अन्य आनलाइन तरीकों से ताऊ के खाते से करीब दो लाख रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद एक पुरानी कार खरीद ली।

मगर किसी दूसरे के नाम दर्ज कराने के साथ कभी घर पर खड़ी नहीं की। बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराने पर ताऊ को इस बात का पता चला।

दूसरी तरफ छात्र को लगा कि अब उसकी पोल खुल गई है। इसके बाद 15 जुलाई को नाबालिग लापता हो गया। ताऊ ने तुरंत थाने पहुंच गुमशुदगी दर्ज कराई।

एसओ दिनेश जोशी ने बताया कि नाबालिग के कार लेकर गायब होने की वजह से पुलिस तुरंत उसकी तलाश में जुट गई। एक टीम को अल्मोड़ा होते हुए पिथौरागढ़ तक भेजा गया।

रास्ते के कई कैमरों को खंगाला गया। इसके बाद शुक्रवार को पिथौरागढ़ के थल चौकी क्षेत्र से उसे बरामद कर लिया गया।

वहीं, पूरे मामले को लेकर एक आशंका है यह भी है कि कहीं कोई व्यक्ति छात्र को बरगला कर इस तरह का काम तो नहीं करवा रहा था। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रामनगर में नवविवाहिता की निर्मम हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.