हल्द्वानी। गौलापार और हल्द्वानी में शनिवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही इन हादसों की मुख्य वजह बताई जा रही है।

पहला हादसा गौलापार के देवला मल्ला कुंवरपुर स्थित तुषार टेंट हाउस के सामने हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में पश्चिमी खेड़ा निवासी चंदन बिष्ट (35) और हरीश बृजवासी (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवनेश कुलोरा (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एसटीएच पहुंचाया गया।

रास्ते में ही हरीश ने दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल ले जाते समय चंदन की भी मौत हो गई। पवनेश को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरा हादसा हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर गुलाबघाटी के पास भद्यूनी मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई।

बाइक पर पीछे बैठे ऋषभ गैड़ा (19) की खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके दोस्त को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे हादसा और भयावह हो गया।

इन घटनाओं के बाद पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने की अपील की है।

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे लोगों को सावधानी और जागरूकता की अहम सीख दे रहे हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  पशुपतिनाथ मंदिर कौड़ार के विकास को 98 लाख रुपये की मंजूरी, पहली किस्त के 59 लाख जारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.