ब्रेकिंग न्यूज़

चाची-भतीजे ने भागकर की शादी, किरायेदार बनकर घुसे फौजी के घर; पांच दिन में उड़ा दिए लाखों रुपये के गहने

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुद्धोवाला में फौजी के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी करने वाले दंपती को पुलिस ने एक माह बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मूल रूप से रुद्रप्रयाग जिले के रहने वाले हैं, जो किराएदार बनकर घर में आए और महज पांच दिन में पूरे घर की जानकारी जुटाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। उनसे पूछताछ जारी है, जिसमें अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को गीता देवी, निवासी सुद्धोवाला, ने थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके घर किराएदार बनकर आए दंपती ने 12 दिसंबर को आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष कुंदन राम और चौकी प्रभारी झाझरा अमित शर्मा के नेतृत्व में दो पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस से बचने के लिए आरोपित लगातार ठिकाने बदलते रहे। जांच में सामने आया कि मकान मालिक ने किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया था।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और आरोपितों के रिश्तेदारों की पहचान कर उन पर नजर रखी। जांच में पता चला कि दंपती रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला है।

गुरुवार को एसआई सतेंद्र सिंह और उनकी टीम ने आरोपितों को धूलकोट तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान नीरज लाल और अंजली देवी, निवासी मल्ला कांडई, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंजली देवी, नीरज लाल की रिश्ते में चाची लगती है। प्रेम प्रसंग के चलते दोनों घर से भाग गए थे, जिस पर गांव की पंचायत ने कुछ समय पहले दोनों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था। अंजली के पूर्व पति से दो बच्चे भी हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों नई गृहस्थी बसाने की योजना बना रहे थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने चोरी की योजना बनाई और किराएदार बनकर सुद्धोवाला पहुंचे।

यह भी पढ़ें :  भीमताल के अल्चौना में बरसाती नाले ने मचाई तबाही, ‘पांडे छोड़’ के घरों में घुसा मलबा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.