अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच जनभावनाओं के अनुरूप बेहतर फैसला
अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच का भाजपा ने किया स्वागत, विपक्ष के दुष्प्रचार पर लगेगी रोक: महेंद्र भट्ट
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड सरकार द्वारा अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे जनभावनाओं के अनुरूप बताया और कहा कि इस निर्णय से विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और दुष्प्रचार का पर्दाफाश होगा।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में शुरू से ही संवेदनशीलता दिखाई। आरोपी को जेल भेजने के साथ निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की गई। अंकिता के माता-पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष शुरू से ही इस प्रकरण को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब सीबीआई जांच के बाद किसी तरह का संदेह नहीं रहेगा।
भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता के नाम पर श्रीकोट राजकीय नर्सिंग कॉलेज के नामकरण को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह राजनीतिक और निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री द्वारा नामकरण की घोषणा के साथ ही इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए अंकिता की मौत केवल राजनीति का विषय बनकर रह गई है। न तो उन्हें पीड़ित परिवार की भावनाओं की चिंता है और न ही नर्सिंग कॉलेज के नामकरण का सम्मान। भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्ष अंकिता के नाम पर समाज को बांटने और माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि अंकिता प्रकरण पर राजनीति बंद की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर कदम पारदर्शिता और कानून के दायरे में उठाया है, इसलिए अब किसी भी तरह के दुष्प्रचार की कोई गुंजाइश नहीं है।
अंत में उन्होंने दोहराया कि यह निर्णय पूरी तरह अंकिता के माता-पिता की इच्छा के अनुरूप लिया गया है।
सीबीआई जांच से सच सामने आएगा और न्याय की प्रक्रिया पूरी होगी। महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संवेदनशील और जिम्मेदार रवैये की सराहना भी की।





