भरोसे की आड़ में चोरी, महिला के घर से ज्वेलरी उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार
तीन महीने तक खाया खाना, फिर उड़ाई ज्वेलरी
मानवता का गलत फायदा उठाकर की चोरी
अल्मोड़ा। देघाट थाना क्षेत्र में महिला के घर से आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गंगानगर देघाट निवासी रेनू तिवारी ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष अक्टूबर में मजराबक्स बाजपुर, ऊधमसिंह नगर निवासी रामू ठाकुर उनके घर आया था।
उसने खुद को मजदूर बताते हुए दो वक्त का खाना देने की गुहार लगाई और बदले में पैसे देने की बात कही। महिला ने मानवीय आधार पर करीब तीन माह तक उसे खाना खिलाया।
कुछ समय बाद आरोपी के अचानक न आने पर महिला ने जानकारी जुटाई, तो पता चला कि वह काम छोड़कर चला गया है। शक होने पर जब अलमारी की जांच की गई, तो उसमें रखी दो पौंची, तीन अंगूठियां, दो कान के झुमके और एक मांगटीका गायब मिले।
महिला की तहरीर पर देघाट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसओ अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को देघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से चोरी की गई ज्वेलरी बरामद की।





