ब्रेकिंग न्यूज़

जिहाड़–तराड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी अर्टिगा, चालक की मौके पर मौत

अल्मोड़ा। जिहाड़–तराड़ी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

वाहन संख्या यूके20टीए-8080 (अर्टिगा) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, फायर स्टेशन रानीखेत और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और खाई काफी खड़ी होने के कारण रेस्क्यू कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

इसके बावजूद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दुर्घटना में मृत चालक के शव को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एहतियातन भतरौजखान पुलिस, फायर स्टेशन रानीखेत और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने आसपास सर्च अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में कोई अन्य व्यक्ति सवार न था।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में केवल चालक ही सवार था। मृतक की पहचान कुबेर सिंह (40 वर्ष) पुत्र भूपाल सिंह, निवासी कमेटपानी बासोट के रूप में हुई है।

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  खटीमा को CM धामी की बड़ी सौगात: नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण, स्टेडियम-सर्किट हाउस समेत 6 बड़ी घोषणाएं
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.