बरेली रोड पर खूनी हादसा: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से दो युवकों की मौत

सड़क हादसों से दहल रहा लालकुआं, तीन दिन में पांच लोगों की मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हल्द्वानी। बरेली रोड पर रविवार रात पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। नगला से लालकुआं की ओर आ रहे युवकों की स्कूटी को तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सड़क पर करीब 12 फीट दूर जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच), हल्द्वानी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दोनों युवक गंभीर घायल

पुलिस के अनुसार, रविवार रात स्कूटी सवार दोनों युवक नगला से लालकुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रहे कैंटर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी स्थित एसटीएच भेजा गया।

लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। महज तीन दिन के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत होने से यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता जताई जा रही है।

लगातार हो रही दुर्घटनाएं इस बात की ओर ध्यान दिला रही हैं कि सड़क पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन, तेज रफ्तार पर नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी जरूरी है। अब देखना होगा कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 24 अक्टूबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.