ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

 वरिष्ठ नागरिक वॉलीबॉल टूर्नामेंट सम्पन्न

 हल्द्वानी।  जिला निर्वाचन नैनीताल एवं स्वीप के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 के अवसर पर दिनांक 25 जनवरी 2026 (रविवार) को अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार, हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिक वॉलीबॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।

प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की लगभग 8 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी टीमों को उनके जनपद की पहचान से जुड़े नाम प्रदान किए गए, जिनमें बागेश्वर बुग्याल, चंपावत काफल, नैनीताल टाइगर्स, अल्मोड़ा पैंथर्स, उधम सिंह नगर वारियर्स आदि प्रमुख रहे। खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

कड़े और रोमांचक मुकाबलों के उपरांत अल्मोड़ा एवं नैनीताल की टीमें फाइनल में पहुँचीं। फाइनल मुकाबले में नैनीताल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो–शून्य से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ललित मोहन रयाल ने खेलों की सामाजिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल युवाओं एवं नागरिकों को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को मतदान शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं अध्यक्ष, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल  नवीन चंद्र वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संरचनाकार एवं समन्वयक, स्वीप जनपद नैनीताल/मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर खेल उपनिदेशक मैम रशिका सिद्दीकी, जिला खेल अधिकारी  वरुण बेलवाल, समाज कल्याण अधिकारी नैनीताल, स्वीप सह-समन्वयक राकेश लाल वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, खिलाड़ी एवं नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे। अपार जनसमुदाय ने वरिष्ठ खिलाड़ियों के इन रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रदीप उपाध्याय एवं  ललित चुफाल द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

यह भी पढ़ें :  यूजीसी नियमों के विरोध में हरिद्वार से दिल्ली तक पदयात्रा शुरू, साधु-संतों ने कानून वापस लेने की उठाई मांग
error: Content is protected !!