ब्रेकिंग न्यूज़

ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर बैठा युवक, बाघ एक्सप्रेस से कटकर दर्दनाक मौत
लालकुआं। तीनपानी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। कानों में ईयरफोन लगाए युवक के रेलवे पटरी पर बैठने के दौरान तेज रफ्तार काठगोदाम–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला।
मृतक की पहचान बरेली रोड क्षेत्र के गोरापड़ाव स्थित हाथीखाल अर्जुनपुर निवासी 25 वर्षीय विकास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ढाई माह पहले हुए सड़क हादसे में विकास की कूल्हे की हड्डी टूट गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
परिजनों के अनुसार विकास मंगलवार शाम बाइक लेकर घर से निकला था। उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और रेलवे ट्रैक पर बैठ गया। इस दौरान उसके कानों में ईयरफोन भी लगे हुए थे। रात करीब पौने दस बजे काठगोदाम से हावड़ा जा रही बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना रात करीब 11 बजे काठगोदाम जीआरपी को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें से एक में ईयरफोन की लीड लगी हुई थी।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि तीनपानी फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की सूचना जीआरपी से प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया मामला युवक के ईयरफोन लगाकर रेलवे पटरी पर बैठने का प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूटी स्कवर में गिरी, महिला की मौके पर मौत; पति गंभीर घायल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.