ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला फरवरी माह में भी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग देहरादून के अनुसार 30 और 31 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य में सक्रिय होगा, जिसका असर 31 जनवरी की रात से दिखाई देने लगेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 1 और 2 फरवरी को सबसे अधिक रहेगा। इस दौरान राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में 2800 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, जबकि मध्यम ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। 23 जनवरी को साल की पहली बर्फबारी दर्ज की गई थी, जबकि 27 जनवरी की रात भी कई इलाकों में हिमपात हुआ। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक राज्य के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 2500 से 2800 मीटर और उससे अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
डॉ. तोमर ने कहा कि जो पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड में सक्रिय था, वह अब आगे बढ़ चुका है, लेकिन इसके अवशेष प्रभाव के कारण उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ समेत बागेश्वर और रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में आज भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार यह प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, लेकिन इसके बाद 30-31 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ फिर मौसम बिगाड़ सकता है।

लगातार बारिश और बर्फबारी से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि बुधवार को धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है और फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें :  स्कॉलर्स एकेडमिक होम में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, प्रतिभा, जुनून और सम्मान का दिखा अद्भुत संगम

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.