ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस बार का फेरबदल सिर्फ नए चेहरों को जिम्मेदारी देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई बड़े और अहम विभाग पुराने मंत्रियों से लेकर नए मंत्रियों को सौंपे गए हैं।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव स्वास्थ्य विभाग को लेकर हुआ है, जो पहले डॉ. धन सिंह रावत के पास था, अब उसे सुबोध उनियाल को सौंप दिया गया है। इसके अलावा ग्राम्य विकास, भाषा और जलागम प्रबंधन जैसे विभागों में भी बदलाव देखने को मिला है।

वहीं, जो विभाग पहले किसी मंत्री को आवंटित नहीं थे और मुख्यमंत्री के पास थे, उनमें से भी कई अहम विभाग अब नए मंत्रियों को दे दिए गए हैं। हालांकि गृह और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग अब भी मुख्यमंत्री धामी के पास ही बने हुए हैं।

नए मंत्रियों को मिले ये विभाग

👉 खजान दास के जिम्मे सामाजिक योजनाएं

खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा विभाग सौंपे गए हैं। ये विभाग सीधे तौर पर कमजोर वर्गों, छात्रों और सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े हैं।

👉 भरत सिंह चौधरी को ग्रामीण विकास और MSME

भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (MSME) और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग दिए गए हैं। इन विभागों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

👉 मदन कौशिक को पंचायत और आपदा प्रबंधन

मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन और जनगणना जैसे अहम विभाग मिले हैं। ये विभाग प्रशासनिक ढांचे और आपदा से निपटने में अहम भूमिका निभाते हैं।

👉 प्रदीप बत्रा के पास परिवहन और आईटी सेक्टर

प्रदीप बत्रा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग दिए गए हैं। इन विभागों के जरिए टेक्नोलॉजी और ट्रांसपोर्ट से जुड़े बड़े फैसले लिए जाएंगे।

👉 राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास और पर्यावरण

राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबंधन विभाग सौंपे गए हैं। इन विभागों के जरिए शहरों के विकास और पर्यावरण संतुलन की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मकान के कमरे से युवक का शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.